जयपुर: कांग्रेस पार्टी आज पूरे राजस्थान में केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रही है। 11 बजे से सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन शुरू हो गया। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने विरोध प्रदर्शन को लेकर निर्देश जारी किए हैं। निर्देश में कोरोना गाइडलाइन का पालन करने को कहा गया है। 50 से ज्यादा लोगों को इक नहीं होने की हिदायत दी गई है। जानकारी के मुताबिक प्रदर्शन के बाद कांग्रेसी नेताओं ने अपने-अपने जिले में राज्यपाल ने नाम कलेक्टरों को ज्ञापन दिया।इस दौरान महज 5 लोगों को ही कलेक्टर कार्यालय जाने की अनुमति पार्टी की तरफ से दी गई है। ज्यादा लोगों को नहीं जाने का निर्देश दिया गया है।
बता दें कि गोविंदसिंह डोटासरा के प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद आज कांग्रेस का पहला विरोध प्रदर्शन है। राजधानी जयपुर में भी सुबह 11 बजे से यूथ कांग्रेस दफ्तर से विरोध प्रदर्शन की शुरुआत हुई। इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा और मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
राहुल बोले, सत्र बुलाएं राजस्थान के राज्यपाल
राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार गिराने के पीछे भाजपा की स्पष्ट साजिश का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि राज्यपाल को विधानसभा का सत्र बुलाना चाहिए। इससे देश की जनता के सामने सच्चाई आ सकेगी। कांग्रेस राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र पर विधानसभा का सत्र नहीं बुलाने के लिए अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी का पालन नहीं करने और केंद्र सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगा रही है।
राहुल ने शुक्रवार को ट्वीट किया कि देश का शासन संविधान और कानून से चलता है। सरकारें जनादेश से बनती और चलती हैं। राजस्थान की सरकार गिराने में भाजपा की साजिश स्पष्ट है।