जयपुर: राज्यपाल कलराज मिश्र ने केरल के राज्यपाल आरीफ मोहम्मद खान से दूरभाष पर बात की।
राज्यपाल मिश्र ने केरल के कोझीकोड में हुई यात्री विमान दुर्घटना और वहां हुए भू-स्खलन पर दुःख व्यक्त किया।
राज्यपाल ने इस हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्मशांति और उनके परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
राज्यपाल ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
राज्यपाल मिश्र ने केरल के राज्यपाल से इन दुर्घटनाओं के बारे में चर्चा की और राजस्थान से हर संभव मदद दिलाने के लिए कहा है।
कोरोना के बढ़ते मरीज, राज्यपाल ने चिंता जताई
राज्यपाल कलराज मिश्र ने प्रदेश में कोरोना के लगातार होते विस्तार और प्रतिदिन मरीजों की बढ़ती संख्या के प्रति गहरी चिंता जताई है।
राज्यपाल मिश्र ने कहा है कि
- ‘‘ लोगों को कोरोना से बचाव के लिए बरती जाने वाली सावधानियों को अपने जीवन की दिनचर्या में आवश्यक रूप से जोड़ना होगा।
- इस वैश्विक महामारी से बचने के लिए बचाव के उपायों को अपनाना ही होगा।
- बचाव के उपायों में लापरवाही किया जाना ठीक नही है।
- प्रदेश में पचास हजार लोगों का कोरोना से संक्रमित होना चिंता की बात है।
- प्रति दिन एक्टिव केस बढ़ रहे हैं। इन सब हालातों को दखते हुए हम सभी को एक जुट होकर इस रोग को मात देनी होगी। ‘‘
विश्व आदिवासी दिवस पर राज्यपाल की शुभकामनाएं
राज्यपाल कलराज मिश्र ने विश्व आदिवासी दिवस (9 अगस्त) पर प्रदेशवासियों और जनजातीय उपयोजना क्षेत्र में रह रहे लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल मिश्र ने कहा है कि
- “आदिवासी कल्याण के लिए हम सभी को मिल-जुलकर सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।
- आदिवासी क्षेत्रों में कोरोना वैश्विक महामारी का प्रभाव कम है।
- जनजातीय लोग प्रकृति से समन्वय रखते हैं, इसलिए आदिवासी क्षेत्र के लोगों में इम्यूनिटी अच्छी होती है।
- कोरोना वैश्विक महामारी से बचाव के लिए सभी को मिल-जुल कर प्रयास करने हैं।
- एकजुटता से किए गए प्रयास से ही कोरोना को मात दी जा सकेगी।”