राजस्थान के जयपुर, जोधपुर एवं कोटा जिलों में 29 अक्टूबर से दो चरणों में होने वाले छह नगर निगमों के चुनाव में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा , प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनियां , केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सहित कई नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हैं।
जोधपुर मुख्यमंत्री गहलोत का गृह जिला है और गहलोत ने जोधपुर शहर के सरदारपुरा विधान सभा से खुद चुनाव जीता है। और उसके सहित कांग्रेस का दो सीटों पर कब्जा हैं, वहीं एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी का दबदबा है। जोधपुर उत्तर एवं दक्षिण नगर निगमों के 160 वार्डों के चुनाव हो रहे हैं। इसलिए जोधपुर निगम चुनाव अब मुख्यमंत्री के लिए नाक का सवाल हो गया है।वहीं गहलोत के अलावा जोधपुर से सांसद होने के कारण केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के लिए भी यह चुनाव प्रतिष्ठा का विषय बन गया है।
यह भी पढे:वायरल वीडियो के मामले में किरोड़ी ने उठाई जसकौर के खिलाफ कार्रवाई की मांग
शेखावत इस चुनाव में चुनाव प्रचार भी कर रहे हैं और उनके साथ कें द्रीय मंत्री कैलाश चौधरी सहित भाजपा के अन्य नेता भी उनका साथ दे रहे हैं। इसी तरह जोधपुर शहर से कांग्रेस विधायक मनीषा पंवार एवं भाजपा विधायक एवं वरिष्ठ नेता सूर्यकांता व्यास की भी प्रतिष्ठा दांव पर है।2
उधर राज्य में पिछले तीन महीने पहले ही कांग्रेस की बागडोर संभालने वाले डोटासरा की भी इन चुनावों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नाते प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। हालांकि शिक्षा मंत्री डोटासरा सरकार एवं संगठन में अच्छा तालमेल, कार्यकर्ताओं में जोश एवं उनकी सरकार के जनता के हित में अच्छा काम करने के कारण कांग्रेस की जीत का दावा कर रहे हैं।
दूसरी ओर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पूनियां भी राज्य सरकार के जन हित के काम नहीं करने एवं प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने में कांग्रेस सरकार के असफल रहने का कारण गिनाते हुए इन चुनावों में भाजपा की जीत का दावा कर रहे हैं। इसी तरह शेखावत एवं चौधरी सहित भाजपा के अन्य नेता भी पार्टी के उम्मीदवार जीतने का दावा कर रहे हैं।
यह भी पढे:अब मास्क अनिवार्य करने के लिए कानून ला रही गहलोत सरकार
केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने पूनियां के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में एक साल पूरे होने पर उनके कामकाज को अच्छा बताते हुए उनकी प्रशंसा भी की हैं।
गौरतलब है कि नगर निगम के ये चुनाव दो चरणों में सम्पन्न होंगे। जयपुर में जयपुर ग्रेटर के 150, जयपुर हैरिटेज के 100, जोधपुर उत्तर एवं दक्षिण में 80-80 एवं कोटा उत्तर में 70 एवं दक्षिण में 80 वार्डों में कांग्रेस, भाजपा, रालोपा तथा अन्य दलों सहित 2238 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जयपुर हैरिटेज, जोधपुर उत्तर और कोटा उत्तर नगर निगम में 29 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में जयपुर ग्रेटर, जोधपुर दक्षिण और कोटा दक्षिण में एक नवंबर मतदान कराया जाएगा।