पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रदेश की क़ानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर करारा प्रहार किया है। उन्होंने शुरू में एक नाबालिग बच्ची से रेप के घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए गहलोत सरकार को आड़े हाथ लिया है। क़ानून व्यवस्था के मामले में राजे इससे पहले भी सरकार के विरोध में ‘आक्रामक’ अंदाज़ दिखा चुकीं हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रदेश के गृह मंत्री का जिम्मा भी संभाल रहे हैं। ऐसे में वसुंधरा समेत भाजपा नेता कानून व्यवस्था के मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाकर सीधे मुख्यमंत्री और उनके नेतृत्व की कांग्रेस सरकार को निशाने पर लेते हैं।
राजे ने चूरू के सरदारशहर में एक नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म की घटना का ज़िक्र करते हुए आज एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘स्कूल से घर लौटती एक नाबालिग बालिका से बंदूक की नोक पर सामूहिक दुष्कर्म की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करती हूं।‘
उन्होंने आगे लिखा, ‘प्रदेश की बेटियां रोजाना हैवानों की गंदी नियत का शिकार हो रही हैं, लेकिन राज्य सरकार अपने नेताओं की आवभगत में व्यस्त है।’